चलती बस में अचानक लगी आग, यात्रियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून जिले के डोईवाला क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लालतप्पड़ के पास एक चलती रोडवेज बस में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में उसने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। बस में आग लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हालांकि राहत की बात यह रही कि आग भड़कने से पहले ही सभी यात्री सुरक्षित रूप से बस से बाहर निकलने में कामयाब रहे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। बताया जा रहा है कि बस में चालक सहित कुल 15 यात्री सवार थे। यह बस उत्तराखंड के लोहाघाट से देहरादून की ओर आ रही थी।
घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
पूर्व उप ग्राम प्रधान माजरी ग्रांट रामचंद्र ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 4 बजे की है। बस में अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन सभी सवारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। दमकल विभाग की टीम ने आग बुझाने का प्रयास किया, मगर तब तक बस पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी।
CM धामी की सुरक्षा का बढ़ेगा घेरा, आगामी चुनाव और बढ़ते कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस अलर्ट
छात्रसंघ चुनाव के बाद फिर गरमाया माहौलः दो गुटों की भिड़ंत में भाजपा नेता की गाड़ी बनी निशाना