पर्यटकों और ग्रामीणों को बड़ी राहत! नैनीताल के नेटवर्क विहीन इलाकों में जल्द सुधरेगी मोबाइल सेवा
नैनीताल। जिले के शैडो (नेटवर्क विहीन) क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या जल्द दूर होगी। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनियों के साथ समीक्षा बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले के नेटवर्क प्रभावित क्षेत्रों का संयुक्त सर्वेक्षण कर 15 दिनों के भीतर मोबाइल नेटवर्क व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित किया जाए।
समीक्षा बैठक में बीएसएनएल, जियो, एयरटेल, वोडाफोन आइडिया और इंडस टावर्स के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की स्थिति, शैडो जोन की समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि नेटवर्क की कमी से न केवल आम नागरिकों को परेशानी हो रही है, बल्कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और विभागीय कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। कई स्थानों पर ऑनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम, सरकारी पोर्टलों पर रिपोर्टिंग, मस्टर रोल की ऑनलाइन एंट्री और विभिन्न मोबाइल एप आधारित सेवाएं बाधित हो रही हैं, जिससे विकास कार्यों की गति प्रभावित हो रही है।
उन्होंने विशेष रूप से हल्द्वानी-भीमताल मार्ग और हल्द्वानी-भुजियाघाट-नैनीताल मार्ग पर नेटवर्क की खराब स्थिति का संज्ञान लेते हुए संबंधित कंपनियों को पूरे मार्ग का तकनीकी सर्वे करने तथा आवश्यकता अनुसार टावरों की क्षमता बढ़ाने और नेटवर्क कवरेज मजबूत करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने कहा कि नैनीताल एक प्रमुख पर्यटन जिला है, जहां हर साल लाखों पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में पर्यटन स्थलों और प्रमुख मार्गों पर मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता बेहद जरूरी है। उन्होंने कंपनियों को कोटाबाग, पंगोट, धारी, ढिकुली (रामनगर) और ओखलकांडा सहित अन्य नेटवर्क प्रभावित क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर कनेक्टिविटी मजबूत करने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी सेवा प्रदाता कंपनियों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए तय समयसीमा के भीतर जिले के सभी शैडो क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क व्यवस्था को सुचारु और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
उत्तराखंड में फिर हुआ हादसाः बाइक सवार युवक की मौत, मचा कोहराम