गंगा किनारे नवजात समेत दो बच्चियों के शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

ख़बर शेयर करें 👉

 उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में गंगा किनारे अलग-अलग स्थानों पर दो बच्चियों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। एक बच्ची करीब 10 माह की बताई जा रही है, जबकि दूसरी महज एक दिन की नवजात है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है और शवों के गंगा किनारे पहुंचने की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।

पहली घटना नाव घाट के पास सामने आई, जहां पुलिस को करीब 10 माह की बच्ची का शव मिला। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बच्ची की किसी कारण से मौत होने के बाद परिजनों ने शव को गंगा में प्रवाहित किया होगा। पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि गंगा के बहाव के साथ शव ऋषिकेश तक पहुंचा हो। हालांकि बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव गंगा में कैसे पहुंचा, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।

वहीं, दूसरी घटना साई घाट के पास हुई, जहां गंगा किनारे पुलिस ने करीब एक दिन की नवजात बच्ची का शव बरामद किया। पुलिस के अनुसार नवजात की नाल भी कटी हुई नहीं मिली है। ऐसे में पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि जन्म के बाद बच्ची की मौत हुई और उसे गंगा किनारे छोड़ दिया गया या फिर किसी अन्य परिस्थिति में नवजात को वहां फेंका गया।

दोनों घटनाओं ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर एक दिन की नवजात बच्ची का शव मिलने के बाद पुलिस जन्म से लेकर उसकी मौत और शव को गंगा किनारे पहुंचाए जाने तक की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ करने के साथ पुलिस संभावित घटनास्थलों और अन्य सुरागों की भी पड़ताल कर रही है।

त्रिवेणी घाट चौकी प्रभारी विनेश कुमार और एएसआई मुकेश शर्मा ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामलों की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।