पंतनगर विवि में हड़कंप! बच्चियों की शिकायत पर मचा बवाल, गिरफ्तार हुआ आरोपी

ख़बर शेयर करें 👉

उत्तराखंड के ऊधमसिंहनगर जिले के पंतनगर विवि परिसर में नाबालिग बच्चियों के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। इसे लेकर बुधवार देर रात तक पंतनगर कोतवाली में हाईवोल्टेज ड्रामा चला। बड़ी संख्या में आक्रोशित महिलाएं और स्थानीय लोग कोतवाली पहुंच गए और आरोपी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्जकर गिरफ्तारी की मांग करने लगे। इस दौरान अपर निदेशक प्रशासन डॉ. एके शर्मा और एसओ डॉ. पीवी सिंह सहित कई प्राध्यापक भी कोतवाली पहुंचे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कुलपति डॉ एसके कश्यप भी कोतवाली पहुंच गए। जिसके बाद पुलिस ने पांच पीड़िताओं की तीन तहरीरों के आधार पर आरोपी विवि में ठेका कर्मी के तौर पर कार्यरत दीपक शर्मा के खिलाफ पाक्सो एक्ट में तीन मुकदमे दर्जकर गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम कुछ नाबालिग बच्चियां विवि परिसर में घूम रही थीं। आरोप है कि वेटरिनरी कालेज में ठेकाकर्मी दीपक शर्मा ने उनके साथ छेड़छाड़ करते हुए अभद्रता की। बच्चियों ने जब यह बात अपने परिजनों को बताई, तो पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। परिजन और स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी फरार हो गया था। जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग पंतनगर कोतवाली पहुंच गए। लोगों का कहना था कि नाबालिग बच्चियों के साथ हुई इस घटना को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

उन्होंने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और उसके खिलाफ कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी कोतवाली में मौजूद रहीं और सभी ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्यवाही की मांग की। परिजनों का कहना था कि पंतनगर विवि जैसे प्रतिष्ठित शैक्षणिक परिसर में इस तरह की घटना बेहद गंभीर है। इससे छात्राओं, बच्चियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।