कर्णप्रयाग में सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच झड़प, कई घायल

ख़बर शेयर करें 👉

उत्तराखंड के चमोली जिले के कर्णप्रयाग में मंगलवार सुबह सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ मामला देखते ही देखते मारपीट और फिर धारदार हथियारों के इस्तेमाल तक पहुंच गया, जिससे क्षेत्र में तनाव फैल गया।

जानकारी के अनुसार, हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे सिख श्रद्धालुओं का एक दल कर्णप्रयाग बाजार क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनका स्थानीय लोगों से विवाद हो गया, जो बढ़कर झगड़े में बदल गया। आरोप है कि इस दौरान श्रद्धालुओं की ओर से धारदार हथियार से हमला किया गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए।

घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि एक होटल स्वामी की हालत गंभीर होने पर उसे एयरलिफ्ट किया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने बदरीनाथ हाईवे व चौकी परिसर के पास जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

जाम के कारण बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ स्थानों पर पंचपुलिया में भी सड़क अवरुद्ध की गई।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे की वार्ता के बाद जाम हटाया गया और धीरे-धीरे यातायात बहाल किया गया।

कर्णप्रयाग सीओ त्रिवेंद्र सिंह राणा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद विवाद बढ़ा, जिसमें कुछ लोग घायल हुए हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।