दून अस्पताल में युवती से छेड़छाड़ का आरोप, सफाईकर्मी निलंबित; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
उत्तराखंड के दून अस्पताल में इलाज के लिए पहुंची एक युवती के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप अस्पताल में तैनात एक सफाईकर्मी पर लगा है। युवती के शोर मचाने के बाद अस्पताल के सुरक्षाकर्मी और आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद भीड़ ने उसकी पिटाई कर दी।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे देहरादून निवासी युवती इलाज के लिए दून अस्पताल पहुंची थी। डॉक्टर को दिखाने के बाद वह दवा काउंटर पर दवा लेने के लिए कतार में खड़ी थी। इसी दौरान अस्पताल में तैनात एक सफाईकर्मी भी उसके पीछे आकर खड़ा हो गया। आरोप है कि इसी दौरान उसने युवती के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ की।
युवती ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो अस्पताल के सुरक्षा कर्मचारी और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। जांच में पता चला कि आरोपी उपनल के माध्यम से अस्पताल में तैनात सफाईकर्मी है।
घटना की सूचना मिलने पर दून चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, अस्पताल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी सफाईकर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही उपनल को पत्र भेजकर आरोपी की सेवाएं समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया है।
दून अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रविंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि घटना को गंभीरता से लिया गया है। आरोपी कर्मचारी को निलंबित कर दिया गया है और सभी कर्मचारियों को महिलाओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं।
बारिश का कहर: पहाड़ों से बरसे पत्थर, थमे रास्ते; नैनीताल में दो लोगों की मौत