नानकमत्ता साहिब में CM धामी ने उठाया झाड़ू, ‘सेवा संकल्प अभियान’ में किया श्रमदान

ख़बर शेयर करें 👉

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब परिसर में आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में प्रतिभाग कर श्रमदान किया। मुख्यमंत्री ने स्वयं साफ-सफाई करते हुए लोगों से स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखने और इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।

स्वच्छता कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में मत्था टेका और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री को सरोपा और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने के साथ अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक यहां पहुंचते हैं, इसलिए धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के साथ बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, अस्पतालों, सरकारी कार्यालयों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी स्वच्छता बनाए रखना जरूरी है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के प्रति समर्पण का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी की भावना को नई मजबूती मिली है। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितंबर से प्रदेश में शुरू किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नानकमत्ता साहिब परिसर में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन या अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसे निरंतर जनभागीदारी से आगे बढ़ाने की जरूरत है। प्रत्येक नागरिक अपने घर और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने में योगदान दे तो स्वच्छ और सुंदर उत्तराखंड का संकल्प साकार किया जा सकता है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार जोगेंद्र सिंह, महासचिव सरदार अमरजीत सिंह बोपराय, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी समेत गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद रहे।