हंगामा कांड: महिला पुलिसकर्मी पर हमला, CCTV फुटेज से खुली सच्चाई, तीन गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें 👉

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाने में महिला पुलिसकर्मी के साथ मारपीट और अभद्रता के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रतीक्षा सेमवाल, उसके पति प्रवीण सेमवाल और भाई आकाश को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से अभद्रता, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप हैं।

यह पूरा मामला एक कारोबारी यशपाल सिंह की शिकायत से जुड़ा है। यशपाल सिंह ने 9 अप्रैल को थाना प्रेमनगर में प्रवीण सेमवाल और प्रतीक्षा सेमवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। यशपाल का आरोप है कि प्रवीण सेमवाल लंबे समय से उनके यहां काम करता था और विश्वास जीतने के बाद उसने अपनी पत्नी और साले के साथ मिलकर आपराधिक साजिश रची।

आरोप है कि तीनों ने ऑफिस के कैश काउंटर की डुप्लीकेट चाबी बनाकर नकदी की चोरी की और बिना जानकारी के रेत, बजरी, सीमेंट और सरिया जैसे सामान को भी बेचकर पैसे हड़प लिए। जब यशपाल सिंह को संदेह हुआ तो उन्होंने अपने बेटे से हिसाब की जांच कराई, जिसमें लगभग 55 लाख रुपये के गबन का खुलासा हुआ।

इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर 20 लाख रुपये लौटाने का लिखित समझौता भी किया, लेकिन बाद में आरोप लगाया कि यह समझौता दबाव में कराया गया था।

इसी मामले की जांच के दौरान पुलिस ने प्रवीण सेमवाल को थाने बुलाया था। बाद में उसकी पत्नी प्रतीक्षा सेमवाल अपने भाई आकाश के साथ थाने पहुंची और वहां हंगामा करने लगी। पुलिस के अनुसार, महिला उपनिरीक्षक शोभा मेहता द्वारा समझाने का प्रयास करने पर प्रतीक्षा ने अभद्रता की और महिला पुलिसकर्मी के साथ मारपीट कर भागने की कोशिश की। इस दौरान थाने में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया कि पूरे घटनाक्रम के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं, जिनमें आरोपियों की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दे रही हैं। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। पुलिस ने कहा कि आरोपियों पर लगे आर्थिक अनियमितताओं और थाने में हंगामे दोनों मामलों की जांच जारी है।