उत्तराखंड दौरे पर कांग्रेस महासचिव का बड़ा दावा, ‘एकजुट कांग्रेस चुनाव में करेगी दमदार मुकाबला’
देहरादून: कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा है कि उत्तराखंड कांग्रेस में किसी भी तरह की गुटबाजी नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर आगामी चुनावों की तैयारी में जुटे हैं और संगठन को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे वेणुगोपाल ने शुक्रवार को देहरादून में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि प्रदेश में कांग्रेस मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि संगठन के भीतर मतभेद की चर्चाओं में कोई सच्चाई नहीं है और पार्टी का पूरा फोकस चुनावी रणनीति पर है।
इस दौरान उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर और बदरीनाथ धाम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित चोरी के मामलों का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने मांग की कि इन मामलों की जांच सुप्रीम कोर्ट के किसी वर्तमान न्यायाधीश की निगरानी में कराई जाए, ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच हो सके।
वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि राम मंदिर ट्रस्ट के गठन के बावजूद चढ़ावे से जुड़े विवाद सामने आ रहे हैं और इन मामलों पर सरकार को अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों में पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है, ताकि श्रद्धालुओं का भरोसा कायम रहे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रहेगी और राज्य में संगठन को और मजबूत बनाने के लिए पार्टी का अभियान लगातार जारी रहेगा।
बारिश का कहर: पहाड़ों से बरसे पत्थर, थमे रास्ते; नैनीताल में दो लोगों की मौत