किच्छा-सिरौलीकलां पालिका चुनाव में कांग्रेस का दबदबा, दोनों सीटों पर बढ़त

ख़बर शेयर करें 👉

उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले की किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका चुनाव की मतगणना बुधवार सुबह आठ बजे से किच्छा मंडी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी है। शुरुआती रुझानों में दोनों ही नगर पालिका सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं। मतगणना केंद्र के बाहर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

सिरौलीकलां नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए प्रथम चरण की मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी को 1698 वोट, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी को 1251 वोट मिले हैं। वहीं किच्छा नगर पालिका चुनाव में भी कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप करीब 1700 वोटों से आगे चल रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी को 5279 जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 6973 वोट मिले हैं।

किच्छा नगर पालिका की मतगणना के लिए 20 टेबल, जबकि सिरौलीकलां के लिए चार टेबल लगाए गए हैं। किच्छा में कुल 36,534 और सिरौलीकलां में 9,721 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। फिलहाल दोनों नगर पालिकाओं में मतगणना जारी है और अंतिम परिणाम आने तक तस्वीर बदलने की संभावना बनी हुई है।