पर्यटकों की भीड़ से जाम का खतरा, हल्द्वानी-काठगोदाम में बड़ा ट्रैफिक प्लान जारी
हल्द्वानी/नैनीताल। वीकेंड पर पर्यटकों की भारी भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था 23 और 24 मई को सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस दौरान कई रूटों पर भारी वाहनों और पर्यटक वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी।
प्रशासन के अनुसार, हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र से लेकर कैंची धाम, भवाली और भीमताल तक यातायात को सुचारु रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
भारी वाहनों पर सख्ती बरतते हुए सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक यात्रा मार्ग में इनका संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पर्वतीय क्षेत्र से हल्द्वानी की ओर आने वाले वाहनों को जनपद सीमा पर रोका जाएगा, जबकि मैदानी क्षेत्रों से पहाड़ की ओर जाने वाले वाहनों को गोलापार, खेड़ा चौकी और आरटीओ फिटनेस सेंटर के पास निर्धारित स्थानों पर पार्क कराया जाएगा।
बरेली रोड और रुद्रपुर की ओर से आने वाले पर्यटक वाहनों को तीनपानी फ्लाईओवर और नारीमन तिराहा होते हुए वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। इसी तरह रामनगर और बाजपुर से आने वाले वाहनों को कालाढूंगी–मंगोली मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।
पर्यटकों की सुविधा के लिए भीमताल विकास भवन और भवाली सैनिटोरियम में पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जहां से शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम दर्शन हेतु आवाजाही कराई जाएगी। वहीं कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
प्रशासन ने बताया कि आवश्यक सेवाओं को छोड़कर अन्य भारी वाहनों का संचालन भी तय समय में सीमित रहेगा। पुलिस ने सभी वाहन चालकों और पर्यटकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और निर्धारित डायवर्जन रूट का ही उपयोग करें, ताकि वीकेंड पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
हल्द्वानी में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था सेक्स रैकेट, पुलिस छापे में बड़ा खुलासा
निर्दलीय की आंधी में ढही बीजेपी! पाटी नगर पंचायत में 224 वोटों से हार का बड़ा उलटफेर