धामी सरकार का बड़ा दांव: 18 भाजपा नेताओं को मिली नई जिम्मेदारियां
देहरादून। उत्तराखंड की धामी सरकार ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को विभिन्न बोर्डों, निगमों, परिषदों एवं समितियों में जिम्मेदारियां सौंपने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए 18 और नेताओं को नए दायित्व दिए हैं। शासन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं।
जारी सूची के अनुसार, चंपावत निवासी हुकम सिंह कुंवर को राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं देहरादून के आचार्य संतोष खंडूड़ी को जनसंख्या विश्लेषण समिति का उपाध्यक्ष बनाया गया है।
इसके अलावा नैनीताल के देवेंद्र सिंह ढैला को उत्तराखंड बागवानी परिषद, हरिद्वार के नितिन गौतम को ग्रामीण स्वास्थ्य सलाहकार एवं अनुश्रवण परिषद, ऊधम सिंह नगर की मोहिनी पोखरिया को राज्य स्तरीय सतर्कता समिति तथा रामपाल को बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
चंपावत के मनोज कालाकोटी को उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग तथा नैनीताल के हरीश चंद्र पांडे को सिंचाई सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं सुभाष बगौली को पर्यटन विकास परिषद में सतत पर्यटन सलाहकार बनाया गया है, जबकि चमोली के माधव सेमवाल को बीकेटीसी में सलाहकार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गढ़वाल मंडल विकास निगम में देहरादून के मोहित शर्मा, डॉ. रणवीर सिंह, पारस गोयल, विशाल गुप्ता और ऋतु मित्रा को गैर सरकारी निदेशक नियुक्त किया गया है।
इसके साथ ही ऊधम सिंह नगर के पुष्कर सिंह कोश्यारी, बागेश्वर के दयाल सिंह और चंपावत के रोहित बिष्ट को कुमाऊं मंडल विकास निगम में गैर सरकारी निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है।
सरकार के इस फैसले को संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
राहुल गांधी का दौरा बना सियासी हॉट टॉपिक, पूरे प्रदेश की निगाहें