धामी का दबदबा कायम! एनडी तिवारी का रिकॉर्ड तोड़ उत्तराखंड के सबसे लंबे कार्यकाल वाले CM बने

ख़बर शेयर करें 👉

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार 10 जुलाई को एक नया इतिहास रच दिया। धामी अब राज्य के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं। उन्होंने उत्तराखंड के पहले निर्वाचित मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी का रिकॉर्ड तोड़ते हुए 1832 दिन का कार्यकाल पूरा कर लिया है, जबकि एनडी तिवारी 1831 दिन तक मुख्यमंत्री पद पर रहे थे।

नारायण दत्त तिवारी ने 2 मार्च 2002 को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी और 7 मार्च 2007 तक इस पद पर रहे। वह राज्य के पहले मुख्यमंत्री थे, जिन्होंने अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा किया था।

वहीं, पुष्कर सिंह धामी ने 4 जुलाई 2021 को पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद पार्टी ने उन्हें दोबारा मुख्यमंत्री बनाया। इसके बाद से वह लगातार प्रदेश की कमान संभाल रहे हैं।

धामी ने पांच दिनों के भीतर दो बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। 4 जुलाई को वह उत्तराखंड में पांच साल का कार्यकाल पूरा करने वाले भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बने थे और अब उन्होंने सबसे ज्यादा समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है।

राज्य बनने के बाद उत्तराखंड में अब तक कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों ने मुख्यमंत्री दिए हैं। कांग्रेस की ओर से नारायण दत्त तिवारी, विजय बहुगुणा और हरीश रावत मुख्यमंत्री रहे, जिनमें केवल एनडी तिवारी ही अपना पूरा कार्यकाल पूरा कर सके। वहीं भाजपा की ओर से नित्यानंद स्वामी, भगत सिंह कोश्यारी, बीसी खंडूड़ी, रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत और पुष्कर सिंह धामी मुख्यमंत्री रह चुके हैं।

पुष्कर सिंह धामी का राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू हुआ। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े रहे और बाद में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी बने। साल 2012 में उन्होंने खटीमा विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर सक्रिय राजनीति में कदम रखा। 2017 में भी वह विधायक चुने गए।

2021 में तीरथ सिंह रावत के मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद भाजपा ने धामी को प्रदेश की कमान सौंपी। 2022 के विधानसभा चुनाव में खटीमा सीट से हार के बावजूद पार्टी ने उन पर भरोसा जताया। बाद में चंपावत विधानसभा उपचुनाव जीतकर वह दोबारा सदन पहुंचे और मुख्यमंत्री पद पर बने रहे।

अब सबसे लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड अपने नाम करने के बाद पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड की राजनीति में एक नए रिकॉर्ड के साथ स्थापित हो गए हैं।