नशे में धुत पुलिसकर्मियों पर युवती से छेड़छाड़ का आरोप, कैंचीधाम में भड़का जनाक्रोश

ख़बर शेयर करें 👉

नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध कैंचीधाम के स्थापना दिवस मेले से ठीक पहले नैनीताल जिले में एक शर्मनाक घटना सामने आई है। मेले की ड्यूटी में तैनात दो पुलिसकर्मियों पर एक होमस्टे संचालक की बेटी के साथ कथित छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और दोनों पुलिसकर्मियों को पकड़कर उनकी पिटाई कर दी गई। साथ ही पुलिस चौकी का घेराव कर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।

बताया जा रहा है कि 15 जून को आयोजित होने वाले कैंचीधाम स्थापना दिवस मेले की ड्यूटी पर तैनात दोनों पुलिसकर्मी रात में एक होमस्टे में ठहरे हुए थे। आरोप है कि उन्होंने शराब के नशे में होमस्टे संचालक के परिवार की युवती के साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर युवती के परिजनों और स्थानीय लोगों के साथ भी अभद्रता और मारपीट की गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में आरोपों को गंभीर पाया गया। स्थानीय लोगों की मौजूदगी में दोनों पुलिसकर्मियों का अल्कोहल टेस्ट कराया गया, जिसमें शराब के सेवन की पुष्टि हुई। मेडिकल जांच में भी इसकी पुष्टि होने के बाद दोनों को तत्काल हिरासत में ले लिया गया।

पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर कोतवाली भवाली में दोनों आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट कहा कि ड्यूटी के दौरान शराब पीना, अनुशासनहीनता या किसी भी प्रकार का आपराधिक कृत्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और दोषी पाए जाने पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस विभाग ने दोनों आरोपितों को निलंबित कर दिया है और सेवा से बर्खास्तगी तक की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले की रिपोर्ट संबंधित जनपदों के वरिष्ठ अधिकारियों को भी भेजी गई है।

स्थापना दिवस मेले से पहले सामने आई इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।