कैंची में पर्यटकों की दबंगई का अंत, पुलिस से भागते समय पलटी बाजी; चार गिरफ्तार, एक फरार

ख़बर शेयर करें 👉

उत्तराखंड के नैनीताल जिले के कैंची क्षेत्र में देर रात शराब के नशे में धुत पांच पर्यटकों ने जमकर उत्पात मचाया। पहले उनका होमस्टे संचालकों से विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गए और भागने के दौरान तीन वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक युवक अब भी फरार है।

पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी पांच युवक स्कॉर्पियो (UP 32 RK 0095) से कैंची पहुंचे थे। किसी बात को लेकर उनका एक होमस्टे संचालक से विवाद हो गया। कुछ ही देर में मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसके बाद आरोपियों ने एक अन्य होमस्टे संचालक से भी अभद्रता और मारपीट की।

घटना की सूचना मिलते ही कैंची पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी स्कॉर्पियो लेकर भवाली की ओर भाग निकले। इस दौरान पुलिस ने एक युवक को मौके पर ही पकड़ लिया और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भवाली पुलिस को नाकेबंदी करने के निर्देश दिए।

भवाली में पुलिस की घेराबंदी देखकर आरोपी घबरा गए और स्कॉर्पियो को वापस कैंची बाजार की ओर मोड़ दिया। पुलिस से बचने की कोशिश में उन्होंने तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाते हुए तीन गाड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में एक अल्टो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। कुछ ही दूरी पर स्कॉर्पियो भी दुर्घटनाग्रस्त होकर रुक गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चारों ओर से घेराबंदी कर चार युवकों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि एक आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

भवाली कोतवाल प्रकाश मेहरा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को सीज कर दिया गया है। सभी आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। यदि मेडिकल रिपोर्ट में शराब के सेवन की पुष्टि होती है तो आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।