हल्द्वानी: महिला अपराध मामले में लापरवाही, महिला दारोगा निलंबित

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी में महिला अपराध से जुड़े एक गंभीर मामले में जांच में लापरवाही सामने आने के बाद लालकुआं कोतवाली की महिला उपनिरीक्षक अंजू नेगी को निलंबित कर दिया गया है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने सख्त रुख अपनाते हुए यह कार्रवाई की, जिससे नैनीताल पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

मामला अक्टूबर 2025 का है, जब एक युवती ने लालकुआं कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता का आरोप था कि शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर इसकी विवेचना महिला एसआई अंजू नेगी को सौंपी थी। जांच के दौरान यह सामने आया कि कानूनी प्रक्रियाओं का पालन ठीक से नहीं किया गया और आरोपी को लाभ पहुंचाने की कोशिश की गई।

शिकायत उच्चाधिकारियों तक पहुंचने पर एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच कराई। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए गए, जिससे पीड़िता के न्याय की प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका जताई गई। इसके बाद अंजू नेगी को निलंबित कर दिया गया।

एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने कहा कि महिला सुरक्षा और महिला अपराध मामलों में पुलिस पूरी गंभीरता से कार्रवाई करती है। जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही, पक्षपात या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई अधिकारी जानबूझकर ढिलाई करता है या आरोपी को लाभ पहुंचाने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।