रामनगर से देहरादून तक दौड़ी पहली ट्रेन, कुमाऊं-गढ़वाल के बीच बढ़ी सीधी रेल सुविधा
उत्तराखंड में रेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और कदम बढ़ा है। लंबे समय से चली आ रही रामनगर से देहरादून तक सीधी ट्रेन चलाने की मांग शनिवार को पूरी हो गई। नई ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया गया, जिससे कुमाऊं और गढ़वाल के बीच आवागमन आसान होगा।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली से, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। वहीं, पौड़ी सांसद अनिल बलूनी, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने रामनगर रेलवे स्टेशन से उद्घाटन ट्रेन को रवाना किया।
इस अवसर पर रामनगर रेलवे स्टेशन और ट्रेन को आकर्षक तरीके से सजाया गया था। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रामनगर-देहरादून ट्रेन कुमाऊं और गढ़वाल के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का काम करेगी। इससे कुमाऊं क्षेत्र के लोगों को देहरादून आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में मुरादाबाद में कुछ कार्य चल रहे हैं, जिसके कारण ट्रेन को फिलहाल सप्ताह में दो दिन संचालित किया जा रहा है। भविष्य में इसे नियमित रूप से चलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने उत्तराखंड में चल रही विभिन्न रेल परियोजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन से राज्य को बड़ा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह ट्रेन सेवा कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्रों को जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य में लगातार रेल सुविधाओं का विस्तार हो रहा है और यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा, गति व क्षमता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि रामनगर-देहरादून ट्रेन सेवा से पौड़ी जिले समेत रामनगर क्षेत्र के लोगों को भी काफी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और रेल सुविधाओं में लगातार सुधार हो रहा है।रेलवे के अनुसार, रामनगर से देहरादून के बीच यह ट्रेन फिलहाल सप्ताह में दो दिन बुधवार और शुक्रवार को संचालित होगी।
लाल धागा, मिट्टी का मटका और 4.60 लाख की ठगी! पुलिस ने खोला पूरा राज