रूह कंपा देने वाला मामला: मुंह में रबर डालकर नाले में छोड़ दिया नवजात, समय रहते बचा मासूम
उत्तराखंड के चमोली जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। कोतवाली क्षेत्र के रांगतोली गांव में आम रास्ते के पास स्थित एक नाले में संदिग्ध परिस्थितियों में एक नवजात शिशु जीवित अवस्था में मिला। नवजात के मुंह में रबर ठूंसा हुआ था, जिससे उसकी जान पर खतरा मंडरा रहा था। समय रहते ग्रामीणों की सतर्कता से उसकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे गांव की एक महिला गोशाला जा रही थी। इसी दौरान उसकी नजर रास्ते के किनारे नाले में पड़े नवजात पर पड़ी। महिला ने तुरंत इसकी सूचना ग्राम प्रधान और ग्राम प्रहरी को दी।
सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान संतोष गुसाईं और ग्राम प्रहरी मौके पर पहुंचे। प्रधान ने बताया कि जब उन्होंने नवजात को देखा तो उसके मुंह में बोतल के निप्पल को बांधने वाला रबर फंसा हुआ था। उन्होंने सावधानी से रबर बाहर निकाला, जिसके बाद पता चला कि नवजात की सांसें चल रही हैं।
घटना की जानकारी तत्काल चमोली कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नवजात को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि नवजात की हालत पर चिकित्सकीय निगरानी रखी जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात को वहां किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
अवैध खनन बना मौत की वजह! चालक की जान गई, कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर प्रदर्शन