हाई-प्रोफाइल रेव पार्टी का भंडाफोड़: रिसॉर्ट में चल रहा कथित सेक्स रैकेट पकड़ा, कई गिरफ्तार
उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक हाईप्रोफाइल सेक्स रैकेट और कथित रेव पार्टी का भंडाफोड़ करते हुए एक नामी रिसॉर्ट पर आधी रात छापा मारा। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मौके से 52 लोगों को हिरासत में लिया, जबकि नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की 10 युवतियों को रेस्क्यू किया गया। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि इन युवतियों को देह व्यापार के लिए पार्टी में बुलाया गया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सांवल्दे स्थित एक रिसॉर्ट में बाहरी राज्यों से आए लोगों की सीक्रेट पार्टी आयोजित की जा रही है। सूचना के आधार पर रामनगर कोतवाल सुशील कुमार के नेतृत्व में टीम ने निगरानी शुरू की और पर्याप्त सबूत मिलने के बाद एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी की रणनीति के तहत देर रात एसओजी और पुलिस लाइन की टीम ने रिसॉर्ट को चारों ओर से घेरकर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान रिसॉर्ट में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस का दावा है कि अधिकांश लोग दिल्ली, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से आए थे। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में अवैध एवं महंगी विदेशी शराब, लाखों रुपये की संदिग्ध नकदी, आपत्तिजनक सामग्री और कुछ दस्तावेज भी बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि रिसॉर्ट का मैनेजर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। साथ ही रिसॉर्ट के अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस बरामद दस्तावेजों, रिसॉर्ट के रजिस्ट्रेशन और पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। मामले में विस्तृत खुलासा जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा।
दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में तोड़फोड़ और चोरी, महिला शौचालय को बनाया निशाना