खरगे का चुनावी मंत्र- ‘बूथ जीतो, चुनाव जीतो’, कांग्रेस ने 2027 के लिए बनाया बड़ा रोडमैप
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। हल्द्वानी में चुनावी शंखनाद के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तराई में पार्टी की चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए वरिष्ठ नेताओं के साथ मंथन किया। रविवार को उन्होंने नई प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन की तैयारियों और विधानसभा क्षेत्रवार सियासी स्थिति की समीक्षा की।
खरगे के उत्तराखंड दौरे को कांग्रेस के चुनावी अभियान की रणनीतिक शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी ने उनके दौरे से ठीक पहले नई प्रदेश कार्यकारिणी का ऐलान किया था। इसके बाद नई टीम के साथ हुई बैठक में खरगे ने नेताओं को साफ संदेश दिया कि 2027 के चुनाव में जीत के लिए संगठन को अभी से जमीन पर पूरी ताकत के साथ उतरना होगा।
इससे पहले शनिवार शाम रुद्रपुर पहुंचने के बाद खरगे ने एक होटल में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, पार्टी के फ्रंटल संगठनों के प्रदेश अध्यक्षों और मौजूदा विधायकों के साथ करीब दो घंटे तक बैठक की। इस दौरान विधानसभा सीटवार राजनीतिक परिस्थितियों और पार्टी की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में खरगे ने पार्टी नेताओं के सामने ‘विनर प्लान-2027’ का खाका रखा। इसके तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जनता से जुड़े पांच प्रमुख स्थानीय मुद्दों को चिन्हित कर उन्हें चुनावी अभियान का प्रमुख हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया। कांग्रेस की रणनीति राष्ट्रीय मुद्दों के साथ स्थानीय समस्याओं को आक्रामक तरीके से जनता के बीच ले जाने की है।
खरगे ने नेताओं को यह भी समझाया कि चुनावी जीत का रास्ता बूथ से होकर गुजरता है। ऐसे में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी युवाओं को देने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ की जिम्मेदारी पूरी मजबूती से निभानी होगी। संगठन के पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा भी बूथ स्तर पर उनके प्रदर्शन के आधार पर किए जाने की रणनीति पर चर्चा हुई।
बैठक में अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में जनता की नाराजगी और स्थानीय समस्याओं को लेकर भी फीडबैक लिया गया। पार्टी नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की सियासी तस्वीर और प्रमुख जनमुद्दों की जानकारी खरगे के सामने रखी। इसके आधार पर चुनावी मुद्दों को धार देने की रणनीति तैयार की गई।
खरगे ने हल्द्वानी में आयोजित जनसभा में जुटी भीड़ को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जनता बदलाव चाहती है, लेकिन इस माहौल को चुनावी जीत में बदलने के लिए कांग्रेस को पूरी ताकत से संगठनात्मक स्तर पर काम करना होगा। उन्होंने नेताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ चुनाव लड़ने का संदेश दिया।
कांग्रेस अध्यक्ष की बैठक के बाद पार्टी अब बूथ स्तर से लेकर विधानसभा क्षेत्र तक संगठन को सक्रिय करने की तैयारी में है। स्थानीय मुद्दों को चुनावी हथियार बनाने, युवाओं को बूथ की जिम्मेदारी देने और संगठन में एकजुटता कायम रखने पर कांग्रेस का खास फोकस रहेगा। बैठक के बाद खरगे पंतनगर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
खरगे की हुंकार से गरमाई उत्तराखंड की सियासतः BJP सरकार पर जमकर बरसे कांग्रेस अध्यक्ष