हल्द्वानी में बड़ी कार्रवाई: 8 तमंचे और 10 कारतूस के साथ अंतर-जनपदीय तस्कर गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों की बड़ी खेप के साथ एक अंतर-जनपदीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से आठ अवैध तमंचे और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा के नेतृत्व में थाना पुलिस और एसओजी की टीम 27 जून को चोरगलिया क्षेत्र के एमवीआर गेट के पास चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर टीम ने तत्परता दिखाते हुए गलफार गेट की ओर जाने वाले मार्ग के पास एक संदिग्ध युवक को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके बैग से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद हुए।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना चोरगलिया में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रियासत पुत्र रईस अहमद (30 वर्ष), निवासी ग्राम व पोस्ट नकुलिया, थाना सितारगंज, जिला ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। उसके पास से दो देशी तमंचे (12 बोर) के साथ 6 जिंदा कारतूस और 6 देशी तमंचे (315 बोर) के साथ 4 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और हथियारों की सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक निधि शर्मा, उपनिरीक्षक मोहन सिंह सौन (प्रभारी एसओजी), हेड कांस्टेबल कुंदन सिंह कठायत, हेड कांस्टेबल त्रिलोक सिंह, कांस्टेबल भूपेंद्र ज्येष्ठा, कांस्टेबल भारत भूषण और कांस्टेबल शैलेंद्र सिंह शामिल रहे।

एसएसपी नैनीताल ने इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस टीम को 2,500 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।