नैनीताल घूमने आए पर्यटकों की कार झील में गिरी, टली बड़ी अनहोनी

ख़बर शेयर करें 👉

उत्तराखंड के नैनीताल में मुरादाबाद से घूमने आए पर्यटकों की एक कार अनियंत्रित होकर सरिताताल झील में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में चार लोग सवार थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, यूपी-21-सीसी-1213 नंबर की कार में मुरादाबाद निवासी आलम और बुलंदशहर निवासी उमेर अपनी दो महिला मित्रों के साथ सोमवार को नैनीताल घूमने आए थे। लौटते समय उनकी कार कालाढूंगी रोड पर सरिताताल के पास पहुंची, तभी चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और कार सड़क से फिसलकर सीधे झील में जा गिरी।

स्थानीय निवासी अभय बवाड़ी के मुताबिक, हादसे के बाद कुछ लोग खुद ही कार से बाहर निकल आए, जबकि दो यात्रियों को स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाला।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, हालांकि तब तक सभी पर्यटक वहां से जा चुके थे। मंगोली चौकी प्रभारी राधिका भंडारी ने बताया कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को चोट नहीं आई है। फिलहाल पुलिस की निगरानी में झील में गिरी कार को बाहर निकालने की कार्रवाई की जा रही है।