जमीन के लिए सुपारी किलिंग! रवि हत्याकांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें 👉

हरिद्वार जिले के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में हुए रवि चौहान हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता पंकज शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। 37 वर्षीय आरोपी पंकज शर्मा, पुत्र मदनलाल शर्मा, निवासी सीतापुर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि पंकज ने जमीन विवाद और पारिवारिक रंजिश के चलते अपने ससुर के भाई रवि चौहान की हत्या के लिए 1.5 लाख रुपये की सुपारी दी थी। इस हत्या को अंजाम देने के लिए उसने अपने भांजे गौतम के साथ मिलकर दो कॉन्ट्रैक्ट किलर दानिश अली और नदीम को हायर किया था।

पुलिस पहले ही दानिश अली और नदीम को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जिन्होंने पूछताछ में हत्या की साजिश और भुगतान की बात स्वीकार की थी। वहीं इस मामले में शामिल पंकज का भांजा गौतम अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

17 अप्रैल को रवि चौहान की पत्नी दिव्या चौहान ने उनके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शुरुआती जांच में गुमशुदगी का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की गई, लेकिन 19 अप्रैल को पथरी पावर हाउस, रानीपुर क्षेत्र से रवि का शव बरामद हुआ। इसके बाद मामले को हत्या में बदल दिया गया।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जांच एसएसआई हर्ष अरोड़ा को सौंपी गई।