नैनीतालः तीन दिन से लापता युवक का झील में शव मिलने से मचा हड़कंप

ख़बर शेयर करें 👉

उत्तराखंड के नैनीताल में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई जब पाषाण देवी मंदिर के पास झील से एक 31 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया। युवक पिछले तीन दिनों से लापता था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को झील से बाहर निकालकर कब्जे में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, मल्लीताल क्षेत्र के सात नंबर निवासी प्रकाश आर्या (31) मल्लीताल स्थित एक होटल में कार्यरत था। शनिवार शाम करीब आठ बजे वह तल्लीताल में रहने वाले अपने एक मित्र से मिलने की बात कहकर होटल से निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।

अगले दिन जब वह ड्यूटी पर भी नहीं पहुंचा तो होटल स्वामी ने उसके परिजनों को इसकी सूचना दी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, जिसके दौरान पाषाण देवी मंदिर के समीप झील किनारे उसका बैग, कपड़े, जूते और एक दूध की बोतल बरामद हुई थी। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी थी।

मंगलवार को झील से युवक का शव मिलने के बाद उसकी पहचान प्रकाश आर्या के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।