नशा तस्करी पर करारा वार: भारत–नेपाल सीमा से नेपाली युवक गिरफ्तार
उत्तराखंड के चंपावत जिले के बनबसा क्षेत्र में भारत–नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पूर्व सूचना के आधार पर 57वीं वाहिनी SSB के जवानों ने एक नेपाली युवक को स्मैक की खेप के साथ गिरफ्तार किया।
सीमा चौकी गरिगोठ की विशेष टीम ने ग्राम भैसाभोज के पास भारत–नेपाल सीमा क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति को नेपाल सीमा पार करने का प्रयास करते हुए रोका। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 14.42 ग्राम स्मैक बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 32 हजार 600 रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पारस चंद, पुत्र उद्धव चंद, उम्र 25 वर्ष, निवासी नेपाल बताया। उसने स्वीकार किया कि वह बनबसा से स्मैक लेकर नेपाल के महेंद्रनगर जा रहा था और इसके बदले उसे 5 हजार रुपये मिलने थे।
SSB ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को बरामद मादक पदार्थ के साथ थाना बनबसा पुलिस के सुपुर्द कर दिया। बनबसा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
SSB अधिकारियों के अनुसार भारत–नेपाल सीमा पर तस्करी की गतिविधियों पर रोक लगाने और सीमा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 57वीं वाहिनी के जवान पूरी सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ तैनात हैं।
CM धामी की सुरक्षा का बढ़ेगा घेरा, आगामी चुनाव और बढ़ते कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस अलर्ट
छात्रसंघ चुनाव के बाद फिर गरमाया माहौलः दो गुटों की भिड़ंत में भाजपा नेता की गाड़ी बनी निशाना