अब स्कूलों में बनेंगे बुक बैंक, छात्रों को मिलेगी बड़ी राहत
उत्तराखंड में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में शिक्षा विभाग की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं को सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने स्कूलों में “बुक बैंक” स्थापित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि छात्र कक्षा पास करने के बाद अपनी किताबें वापस जमा करें, ताकि अगले सत्र में अन्य विद्यार्थियों को वही किताबें दी जा सकें। इससे हर साल नई किताबें छपवाने पर होने वाला करोड़ों रुपये का खर्च कम किया जा सकेगा। साथ ही, खराब या अनुपलब्ध पुस्तकों की जरूरत के अनुसार नई किताबें छपवाने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने क्लस्टर विद्यालयों में कक्षाओं और छात्रावासों के निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा और इसके लिए NABARD से वित्तीय सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने सभी स्कूलों में बिजली, पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने पर जोर दिया। खासतौर पर शौचालयों की साफ-सफाई के लिए स्थायी व्यवस्था बनाने और इसके लिए अलग फंडिंग व ठोस मैकेनिज्म तैयार करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा, उन्होंने विद्यालयों में डिजिटल लाइब्रेरी विकसित करने की भी बात कही, ताकि विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पुस्तकों तक पहुंच मिल सके और वे ज्ञान का विस्तार कर सकें। बैठक में सचिव रविनाथ रमन, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
CM धामी की सुरक्षा का बढ़ेगा घेरा, आगामी चुनाव और बढ़ते कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस अलर्ट
छात्रसंघ चुनाव के बाद फिर गरमाया माहौलः दो गुटों की भिड़ंत में भाजपा नेता की गाड़ी बनी निशाना