नैनीताल की शांति में अब हॉर्न बना तो मुसीबत! 1 अगस्त से लागू होगा नो हॉर्निंग जोन
नैनीताल की पहचान में शामिल मॉल रोड पर अब अनावश्यक हॉर्न बजाना वाहन चालकों को भारी पड़ सकता है। उच्च न्यायालय, उत्तराखंड के आदेशों के अनुपालन में जिला प्रशासन ने 1 अगस्त 2026 से मॉल रोड को पूरी तरह ‘नो हॉर्निंग जोन’ घोषित करने का निर्णय लिया है। व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन ने संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि नो हॉर्निंग जोन के सफल क्रियान्वयन के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ नैनीताल पहुंचने वाले पर्यटकों को भी नए नियम की जानकारी देने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
उपजिलाधिकारी नवाजिश खलीक के अनुसार, मॉल रोड और आसपास के प्रमुख स्थानों पर फ्लेक्स, साइन बोर्ड, होर्डिंग और अन्य प्रचार सामग्री लगाई जाएगी। इसके अलावा सोशल मीडिया, स्थानीय टीवी चैनल, केबल नेटवर्क और एलईडी स्क्रीन के माध्यम से भी लोगों को नो हॉर्निंग जोन की जानकारी दी जाएगी।
व्यवस्था के तहत लोक निर्माण विभाग को मॉल रोड के दोनों ओर निर्धारित मानकों के अनुसार नो हॉर्निंग जोन के संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। नगर पालिका परिषद को शहर के प्रवेश द्वारों, सूचना पट्टों, टोल टैक्स रसीदों और अन्य प्रमुख स्थानों पर भी इस संबंध में जानकारी प्रदर्शित करने को कहा गया है।
नियम लागू होने के बाद पुलिस और परिवहन विभाग संयुक्त रूप से इसकी निगरानी करेंगे। अनावश्यक हॉर्न बजाकर नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार चालान और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निगरानी को मजबूत करने के लिए जरूरत के अनुसार सीसीटीवी कैमरे, एलईडी डिस्प्ले और अन्य मॉनिटरिंग सिस्टम भी लगाए जाएंगे।
प्रशासन ने नो हॉर्निंग जोन के प्रभावी पालन के लिए होटल एसोसिएशन, व्यापार मंडल, टैक्सी यूनियन, नाविक संघ और अन्य संबंधित संगठनों को भी अभियान से जोड़ने की तैयारी की है। इनके माध्यम से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
जिला प्रशासन का कहना है कि नैनीताल की शांत और स्वच्छ वातावरण वाली पहचान को बनाए रखने के लिए नो हॉर्निंग जोन की व्यवस्था महत्वपूर्ण है। प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों से अनावश्यक हॉर्न नहीं बजाने और 1 अगस्त से लागू होने वाले नियमों का पूरी तरह पालन करने की अपील की है।
हल्द्वानी में कारोबारियों की राह हुई आसानः किराये और दो मंजिला निर्माण को लेकर बड़ा फैसला