कैंची धाम मेला-2026: सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में

ख़बर शेयर करें 👉

नैनीताल। कैंची धाम मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर नैनीताल पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

कुमाऊं परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती निवेदिता कुकरेती एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. स्वयं फील्ड में उतरकर व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। दोनों अधिकारियों द्वारा मेला क्षेत्र में स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान बैरियरों, पार्किंग स्थलों, शटल सेवा और यातायात व्यवस्था की बारीकी से जांच की गई। मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम यातायात व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए प्रत्येक स्तर पर मॉनिटरिंग की जा रही है और जहां भी कमियां पाई जा रही हैं, उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

प्रशासन ने कहा कि कैंची धाम मेले के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए सभी व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।