हल्द्वानी की फिजा बिगाड़ने की कोशिश: पुलिस ने दिखाई सख्ती, मुकदमा दर्ज
हल्द्वानी: रविवार देर रात हुए उपद्रव की घटना के बाद बनभूलपुरा थाना पुलिस ने 40–50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई एसओ बनभूलपुरा सुशील जोशी की तहरीर पर की गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर रही है।
उपद्रव की शुरुआत तब हुई जब बरेली रोड स्थित उजाला नगर क्षेत्र में गोवंशीय पशु के अवशेष मिलने की खबर फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसी दौरान कुछ संगठनों के लोग भी वहाँ पहुँचकर विरोध करने लगे, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा।
जांच के दौरान पुलिस को आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में एक कुत्ता मांस का टुकड़ा उठाकर ले जाता हुआ दिखाई दिया। इसके बावजूद स्थानीय संगठनों ने विस्तृत जांच की मांग करते हुए पुलिस को ज्ञापन सौंपा।
इसी बीच भीड़ में शामिल कुछ शरारती तत्वों ने एक होटल, दुकानों और खड़ी गाड़ियों पर पथराव कर दिया। बढ़ती तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए कई दुकानदारों ने सुरक्षा के लिए अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने चार सीओ, सभी थानाध्यक्षों, अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी को मौके पर तैनात कर क्षेत्र में घेराबंदी कर दी। एसडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट, एसपी सिटी क्राइम सहित वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुँचे। पुलिस ने भीड़ को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन कुछ लोग उग्र हो गए, जिसके बाद बल प्रयोग करना पड़ा। कई लोगों को हिरासत में लिया गया।
एसओ बनभूलपुरा की तहरीर के अनुसार, शमा रेस्टोरेंट, आसपास की दुकानें, सड़क पर खड़ी गाड़ियाँ और पीली कोठी क्षेत्र की दुकानों पर लगभग 40–50 लोगों ने पथराव किया। कुछ टैम्पो चालकों और अन्य लोगों के साथ मारपीट कर धमकाने की घटनाएँ भी सामने आईं, जिससे शहर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने लोक व्यवस्था भंग करने सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। अधिकारियों ने बताया कि उपद्रवियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है, और फॉरेंसिक टीम अवशेषों तथा अन्य साक्ष्यों की जांच में जुटी है।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने कहा कि शहर का माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र की स्थिति नियंत्रण में है।
हल्द्वानी में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था सेक्स रैकेट, पुलिस छापे में बड़ा खुलासा
निर्दलीय की आंधी में ढही बीजेपी! पाटी नगर पंचायत में 224 वोटों से हार का बड़ा उलटफेर