उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी होगी मजबूत, तीन ट्रेन सेवाओं को मिली मंजूरी
उत्तराखंड में रेल सेवाओं के विस्तार की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। रेलवे मंत्रालय ने बांद्रा टर्मिनस–दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस का हरिद्वार तक विस्तार करने के साथ हरिद्वार से वेरावल और ओखा के लिए नई एसी एक्सप्रेस ट्रेनें संचालित करने को मंजूरी दे दी है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पत्र भेजकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इसकी जानकारी दी।
नई रेल सेवाओं और मौजूदा ट्रेन के विस्तार से उत्तराखंड की देश के अन्य प्रमुख शहरों से कनेक्टिविटी और बेहतर होने की उम्मीद है। खासतौर पर हरिद्वार आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के साथ व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य है और बेहतर रेल कनेक्टिविटी प्रदेश की जरूरत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में रेल सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। नई ट्रेनों के संचालन और मौजूदा सेवाओं के विस्तार से प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी। साथ ही यात्रियों की सुविधा बढ़ने के साथ व्यापार और पर्यटन गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मजबूत रेल नेटवर्क उत्तराखंड की आर्थिक गतिविधियों के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगा और प्रदेश को देश के अन्य हिस्सों से और बेहतर तरीके से जोड़ने में मदद करेगा।
चुनाव से पहले कांग्रेस को झटकाः वरिष्ठ नेता ने प्राथमिक सदस्यता समेत सभी पद छोड़े