उत्तराखंड में पुलिस सर्किलों का पुनर्गठन, दो नए सर्किल बढ़े; 9 सीओ को मिली जिम्मेदारी

ख़बर शेयर करें 👉

उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के लिए हरिद्वार जिले में पुलिस सर्किलों का पुनर्गठन किया गया है। जिले में तीन राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के आगमन के बाद एसएसपी नवनीत सिंह ने क्षेत्राधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया है। इसके साथ ही दो नए पुलिस सर्किल बढ़ाए गए हैं, जिसके बाद अब जिले में कुल नौ पुलिस सर्किल हो गए हैं।

नई व्यवस्था के तहत एएसपी/सीओ देवव्रत जोशी को बहादराबाद सर्किल की जिम्मेदारी दी गई है। उनके अधीन कोतवाली बहादराबाद और कोतवाली कलियर रहेंगी। सीओ शिशुपाल नेगी को नगर सर्किल का दायित्व सौंपा गया है। उनके क्षेत्र में कोतवाली नगर और कोतवाली श्यामपुर शामिल हैं।

सीओ संजय चौहान ज्वालापुर सर्किल की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनके अधीन कोतवाली ज्वालापुर और कोतवाली पथरी रहेंगी। वहीं सीओ सुरेंद्र बलूनी को सदर सर्किल की कमान दी गई है, जिसमें कोतवाली सिडकुल और पुलिस लाइन शामिल हैं।

सीओ ओशिन जोशी रुड़की सर्किल की जिम्मेदारी संभालेंगी। उनके क्षेत्र में कोतवाली रुड़की और कोतवाली गंगनहर रहेंगी। सीओ अभिनय चौधरी को मंगलौर सर्किल का दायित्व सौंपा गया है, जिसके अंतर्गत कोतवाली मंगलौर और कोतवाली झबरेड़ा शामिल हैं।

इसी तरह सीओ देवेंद्र सिंह नेगी को लक्सर सर्किल की जिम्मेदारी दी गई है। उनके अधीन कोतवाली लक्सर और कोतवाली खानपुर रहेंगी। सीओ सुमित पांडे भगवानपुर सर्किल का कार्यभार संभालेंगे, जिसमें कोतवाली भगवानपुर और थाना बुग्गावाला शामिल हैं।

वहीं सीओ दक्ष शोखंद को रानीपुर सर्किल का प्रभारी बनाया गया है। उनके अधीन कोतवाली रानीपुर और कोतवाली कनखल रहेंगी।

पुलिस अधिकारियों के नए क्षेत्राधिकार निर्धारण के बाद जिले में कानून-व्यवस्था की निगरानी और पुलिसिंग को अधिक व्यवस्थित तरीके से संचालित करने की कवायद की गई है।