नितिन नवीन के ‘मियां’ बयान पर बवाल! कांग्रेस का जोरदार विरोध, हल्द्वानी में फूंका पुतला
हल्द्वानी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को संबोधन के दौरान ‘मियां’ कहे जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। गुरुवार को कांग्रेसी बुद्ध पार्क में एकत्र हुए और भाजपा अध्यक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका। प्रदर्शन को देखते हुए किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
नितिन नवीन दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को हल्द्वानी पहुंचे थे। यहां भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दौरान अपने संबोधन में उन्होंने राहुल गांधी के लिए ‘मियां’ शब्द का इस्तेमाल किया था। उनके इस बयान के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को बुद्ध पार्क में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने ‘नितिन नवीन वापस जाओ’ के नारे लगाते हुए भाजपा के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में वरिष्ठ नेताओं के प्रति इस तरह की भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा अध्यक्ष का पुतला भी फूंका।
प्रदर्शन को लेकर पुलिस पहले से सतर्क नजर आई और बुद्ध पार्क में पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, पूर्व ब्लॉक प्रमुख भोला दत्त भट्ट, सतीश नैनवाल, हेमंत बगड़वाल और मधु सांगुड़ी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
CM धामी की सुरक्षा का बढ़ेगा घेरा, आगामी चुनाव और बढ़ते कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस अलर्ट
छात्रसंघ चुनाव के बाद फिर गरमाया माहौलः दो गुटों की भिड़ंत में भाजपा नेता की गाड़ी बनी निशाना