उत्तराखंड में रफ्तार का कहर: टैक्सी-बाइक में भिड़ंत के बाद लगी आग, दो युवकों की मौत
उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। सितारगंज-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिडोरा मझोला बाजार स्थित हनुमान मंदिर के पास टैक्सी कार और बाइक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों घायल बाइक सवार युवकों को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और पुलिस व 108 एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों को उपजिला चिकित्सालय सितारगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार और बाइक में लगी आग पर काबू पाया। हादसे के बाद टैक्सी चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, दोनों मृतकों की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और उनके परिजनों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि टैक्सी कार सीएनजी से संचालित थी और प्रथम दृष्टया आग लगने की वजह यही मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच के साथ-साथ फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।
ऑपरेशन प्रहार से हड़कंप! ड्रोन निगरानी में खुला राज, छतों पर मिले ईंट-पत्थर