बागेश्वर में भूकंप के तेज झटकेः 5 किमी गहराई में था केंद्र, लोगों में दहशत

ख़बर शेयर करें 👉

उत्तराखंड के बागेश्वर में शनिवार दोपहर अचानक धरती हिलने से लोगों में दहशत फैल गई। जिले और आसपास के क्षेत्रों में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। झटके महसूस होते ही कई लोग घबराकर घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.6 रही। हालांकि, फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल के अनुसार भूकंप दोपहर 12 बजकर 35 मिनट 11 सेकंड पर दर्ज किया गया। भूकंप का केंद्र बागेश्वर क्षेत्र में जमीन के भीतर करीब 5 किलोमीटर की गहराई में था। केंद्र की स्थिति 29.984 अक्षांश उत्तर और 79.692 देशांतर पूर्व पर दर्ज की गई। कम गहराई पर भूकंप का केंद्र होने के कारण आसपास के इलाकों में झटके स्पष्ट रूप से महसूस किए गए।

भूकंप के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल स्थिति की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। जिला आपदा कंट्रोल रूम से सभी तहसीलों, पुलिस चौकियों और राजस्व उपनिरीक्षकों से संपर्क कर हालात का फीडबैक लिया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार जिले में कहीं से भी जनहानि या भवनों को नुकसान पहुंचने की सूचना सामने नहीं आई है।

प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें अलर्ट मोड पर हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही किसी भी तरह की आपात स्थिति या नुकसान की सूचना तत्काल जिला आपदा कंट्रोल रूम को देने को कहा गया है।