प्रेम प्रसंग का शक बना खूनी वजहः युवक ने पहले पड़ोसी फिर बहन को उतारा मौत के घाट

ख़बर शेयर करें 👉

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के झबरेड़ी कलां गांव में शनिवार सुबह प्रेम प्रसंग को लेकर चल रहा पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। एक युवक ने पड़ोस में रहने वाले युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने अपनी बहन को भी गोली मार दी। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती युवती ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस के अनुसार झबरेड़ी कलां निवासी अमन को अपनी बहन रूपा के पड़ोस में रहने वाले मुन्ना उर्फ सूरज के साथ प्रेम प्रसंग होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच करीब एक साल पहले भी विवाद हुआ था। उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन पुरानी रंजिश और प्रेम प्रसंग को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था।

शनिवार सुबह मुन्ना अपने घर में लेटा हुआ था। इसी दौरान अमन तमंचा लेकर उसके घर पहुंचा और मुन्ना को गोली मार दी। गोली लगने से मुन्ना गंभीर रूप से घायल हो गया और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी अपने घर पहुंचा और अपनी बहन रूपा को भी गोली मार दी।

गोली लगने से रूपा गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मुन्ना के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घायल रूपा को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद होने की जानकारी सामने आई है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल किए गए तमंचे के स्रोत का भी पता लगाया जा रहा है।

दो हत्याओं के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है। वहीं आरोपी अमन की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।