बाघ का आतंक: युवक को बनाया निवाला, गांव में दहशत
उत्तराखंड के नैनीताल जिले के भीमताल क्षेत्र में बाघ के हमले से एक युवक की मौत का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, भदयूनी गांव निवासी 30 वर्षीय कमल सिंह बिष्ट मंगलवार देर शाम घर के पास से लापता हो गए थे। परिजनों ने रातभर उनकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका।
बुधवार सुबह ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से खोज अभियान चलाया। काफी खोजबीन के बाद जंगल के भीतर कमल सिंह बिष्ट का अधखाया शव बरामद हुआ, जिससे स्पष्ट हुआ कि वह बाघ का शिकार बन गए।
घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है और पूरे गांव में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में बाघ की गतिविधियां बढ़ी हैं और कई बार इसकी सूचना वन विभाग को दी गई थी।
भीमताल के ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने बताया कि उन्होंने पहले ही वन विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में अवगत कराया था और आवश्यक कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए विभाग से त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
हल्द्वानी में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था सेक्स रैकेट, पुलिस छापे में बड़ा खुलासा
निर्दलीय की आंधी में ढही बीजेपी! पाटी नगर पंचायत में 224 वोटों से हार का बड़ा उलटफेर