जेल अधीक्षक को मिली धमकी! लॉरेंस बिश्नोई का नाम लेकर भेजा मैसेज, मुकदमा दर्ज
उत्तराखंड के जिला कारागार हरिद्वार के वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी मिलने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। धमकी फोन कॉल और व्हाट्सऐप मैसेज के जरिए दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जेल की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक की शिकायत पर सिडकुल थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान जेल में निरुद्ध एक महिला बंदी के पति हिमांशु चड्ढा के रूप में सामने आई है। आरोप है कि हिमांशु अपनी पत्नी को जेल के भीतर फोन कॉल समेत अन्य गैरकानूनी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जेल अधिकारियों पर दबाव बना रहा था। जब उसकी मांग पूरी नहीं हुई तो उसने कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेते हुए वरिष्ठ जेल अधीक्षक को जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद जेल प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान और उसके द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है। साथ ही सर्विलांस और साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन, कॉल डिटेल और व्हाट्सऐप से जुड़ी तकनीकी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। धमकी वास्तव में किसी गैंग से जुड़ी है या आरोपी ने दबाव बनाने के लिए गैंग का नाम इस्तेमाल किया, इसका भी पता लगाया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
CM धामी की सुरक्षा का बढ़ेगा घेरा, आगामी चुनाव और बढ़ते कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस अलर्ट
छात्रसंघ चुनाव के बाद फिर गरमाया माहौलः दो गुटों की भिड़ंत में भाजपा नेता की गाड़ी बनी निशाना