उत्तराखंड में दर्दनाक हादसाः पुराने स्वास्थ्य केंद्र में लगी आग, सेवानिवृत्त एएनएम की गई जान
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले मोरी विकासखंड के आराकोट स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पुराने भवन में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते पूरा भवन जलकर राख हो गया। हादसे में भवन में वर्षों से रह रही सेवानिवृत्त एएनएम पार्वती जैन की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात पुराने स्वास्थ्य केंद्र भवन में अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। आग पर काबू पाने के लिए मोरी और त्यूणी से अग्निशमन वाहन बुलाए गए। इसके अलावा पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू से भी दमकल टीम को मौके पर भेजा गया।
तीनों स्थानों से पहुंची अग्निशमन टीमों और पुलिस-प्रशासन ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक भवन पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। तलाशी के दौरान भवन के अंदर से सेवानिवृत्त एएनएम पार्वती जैन का शव बरामद हुआ।
स्थानीय लोगों के अनुसार पार्वती जैन स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त होने के बाद लंबे समय से इसी पुराने स्वास्थ्य केंद्र भवन में अकेली रह रही थीं। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया आशंका है कि जिस कमरे में महिला रहती थीं, वहां लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाते समय आग भड़की होगी। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
थानाध्यक्ष दीपक रावत ने बताया कि घटना की सूचना मृतका के भतीजे को दे दी गई है, जो देहरादून से आराकोट के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
मोबाइल टावर पर चढ़ा युवकः अधिकारियों पर उत्पीड़न का आरोप, मौके पर मचा हड़कंप