वर्दी वाला बना आंदोलनकारी! जंतर-मंतर पर सिपाही के बयान से पुलिस महकमे में हड़कंप
नई दिल्ली/देहरादून। पेपर लीक के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी आंदोलन के बीच उत्तराखंड पुलिस का एक सिपाही प्रदर्शन स्थल पर पहुंच गया। वर्दीधारी जवान के आंदोलन में शामिल होने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। सिपाही की पहचान शेर सिंह के रूप में हुई है।
मीडिया रिपोर्ट की मानें तो जंतर-मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारियों के बीच संबोधन के दौरान शेर सिंह ने युवाओं के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड पुलिस के कई कर्मचारी भी युवाओं की मांगों के प्रति सहानुभूति रखते हैं और जरूरत पड़ने पर उनके समर्थन में खड़े होने को तैयार हैं।
अपने संबोधन में शेर सिंह ने कहा कि यदि युवाओं की आवाज को इसी तरह दबाया जाता रहा तो इसका असर देश के भविष्य पर पड़ेगा। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए और कहा कि आंदोलन कर रहे छात्रों और युवाओं के साथ संवेदनशील व्यवहार होना चाहिए।
सिपाही ने यह भी दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को देखकर वह भावुक हो गए थे। उनके इस बयान और आंदोलन में शामिल होने की सूचना के बाद पुलिस विभाग में मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर उत्तराखंड पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि सिपाही आंदोलन में अवकाश पर शामिल हुए थे या ड्यूटी के दौरान वहां पहुंचे थे। ऐसे में विभागीय स्तर पर मामले की जांच और संभावित कार्रवाई को लेकर नजरें बनी हुई हैं।
पुलिस से बचने के लिए राज्य बदला, लेकिन STF की नजरों से नहीं बच पाया शातिर आरोपी