उत्तराखंड के यूट्यूबर पर बड़ा एक्शनः मारपीट से लेकर गला दबाने तक के आरोप, 4 गिरफ्तार
उत्तराखंड के चर्चित यूट्यूबर अनुराग डोभाल एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में मारपीट, रास्ता रोकने, जान से मारने की कोशिश और धमकी देने के आरोप में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मामले में पुलिस ने अनुराग डोभाल समेत उनके तीन साथियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, राज सिंह चौहान की तहरीर पर यह मुकदमा दर्ज किया गया। तहरीर में राज सिंह चौहान ने बताया कि पांच अक्तूबर की शाम करीब छह बजे वह हरिद्वार बाईपास स्थित एक कैफे के पास अनुराग डोभाल और उनके साथियों से मिलने पहुंचे थे। आरोप है कि रात करीब आठ बजे बातचीत के दौरान विवाद हो गया और अनुराग डोभाल व उनके साथियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि अनुराग डोभाल ने उनका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया, जबकि अन्य आरोपियों ने लोहे के हथियार और डंडों से हमला किया। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उन्हें वाहन से कुचलने का प्रयास किया, जिससे उन्हें चोटें आईं।
राज सिंह चौहान ने पुलिस को बताया कि मारपीट के दौरान उनका मोबाइल फोन और सोने की चेन भी छीन ली गई। किसी तरह मौके से निकलने के बाद भी मामला शांत नहीं हुआ। आरोप है कि फोन कॉल और इंस्टाग्राम आईडी के जरिए उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां दी गईं।
तहरीर में अनुराग डोभाल के अलावा अभय चौधरी, तपन पंडित, अभिषेक टाइगर, अभिनव श्रीवास्तव और गुरु भाई समेत अन्य लोगों के नाम भी दर्ज कराए गए हैं। नेहरू कॉलोनी पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने अनुराग डोभाल समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


कैंची धाम पहुंची ‘हनुमान अंश’ की टीमः बाबा नीब करौरी के दर पर मत्था टेका, पार्ट-2 पर भी चर्चा