उत्तराखंडः अनियंत्रित कार गहरी खाई में समाई, चालक की मौत
उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल अंतर्गत अल्मोड़ा जिले के भतरोंजखान थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चौकी भौनखाल के ग्राम जिहाड़ के पास, तत्वाहिल रिसॉर्ट के समीप एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार 14–15 जनवरी 2026 की मध्यरात्रि लगभग 12:20 बजे अर्टिगा कार (संख्या UK20-TA-8080) के खाई में गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
हादसे में कार चला रहे कुबेर सिंह जमनाल (44 वर्ष), पुत्र गोपाल सिंह जमनाल, निवासी कमेड़पानी, तहसील भिकियासैंण, जनपद अल्मोड़ा की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण पहुंचाया, जहां उसे सुरक्षित रखा गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन में चालक के अलावा कोई अन्य सवार नहीं था। हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम ने गुरुवार को सर्च अभियान शुरू कर दिया है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
हल्द्वानी में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था सेक्स रैकेट, पुलिस छापे में बड़ा खुलासा
निर्दलीय की आंधी में ढही बीजेपी! पाटी नगर पंचायत में 224 वोटों से हार का बड़ा उलटफेर