उत्तराखंडः लापता युवक का कंकाल मिला, फॉरेंसिक जांच से खुलेगा मौत का राज

ख़बर शेयर करें 👉

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के खानपुर थाना क्षेत्र स्थित शेरपुर बेला गांव के 35 वर्षीय युवक प्रमोद कुमार का कंकाल लापता होने के 11 दिन बाद उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के मंडावर थाना क्षेत्र के टीप गांव के जंगल से बरामद हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। कंकाल के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए, जबकि बाकी अवशेष परिजनों को सौंप दिए गए। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

परिजनों के अनुसार, प्रमोद कुमार हरियाणा निवासी टिंकू संजय कुमार के खेत पर मजदूरी करता था और वहीं रहता था। 17 जून को वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला, जिसके बाद 19 जून को मंडावर थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी गई। परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने मामले में समय पर कार्रवाई नहीं की।

बताया गया कि शेरपुर बेला गांव की बंगाली बस्ती के कुछ लोग जंगल में लकड़ी बीनने गए थे। इसी दौरान उन्हें एक नरकंकाल दिखाई दिया, जिसकी सूचना ग्रामीणों और पुलिस को दी गई। सूचना पर लक्सर के पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी, गोवर्धनपुर चौकी प्रभारी सूरत शर्मा और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

मौके पर पहुंचे परिजनों ने कुछ लोगों पर प्रमोद की हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने कंकाल के नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।

लक्सर के पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि करीब 11 दिन पहले शेरपुर बेला गांव के एक युवक के लापता होने की सूचना मिली थी, जिसकी गुमशुदगी मंडावर थाने में दर्ज कराई गई थी। जंगल से मिले नरकंकाल की पहचान परिजनों ने उसकी पैंट के आधार पर प्रमोद कुमार के रूप में की है। उन्होंने कहा कि कंकाल के कुछ नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।