उत्तराखंड में बड़ा हादसाः अनियंत्रित डंपर पहाड़ी से नीचे गिरा, चालक की मौत
उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल के रामनगर-रानीखेत मार्ग पर रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में डंपर चालक की मौत हो गई। कुमेरिया और सौराल के बीच तेज रफ्तार डंपर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पहाड़ी की ओर जा गिरा। नीचे गिरने के बाद डंपर एक पेड़ से जा टकराया, जिससे चालक वाहन और पेड़ के बीच बुरी तरह फंस गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू कराया।
हादसा इतना भीषण था कि चालक को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीम को कटर की मदद लेनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद वाहन को काटकर चालक के शव को बाहर निकाला गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
भतरौजखान थाने के एसओ अवनीश कुमार ने बताया कि रविवार सुबह हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर चालक का शव बरामद किया। मृतक की पहचान जसवंत सिंह पुत्र गोपाल सिंह निवासी गजार, तहसील चौखुटिया, जिला अल्मोड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
CM धामी की सुरक्षा का बढ़ेगा घेरा, आगामी चुनाव और बढ़ते कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस अलर्ट
छात्रसंघ चुनाव के बाद फिर गरमाया माहौलः दो गुटों की भिड़ंत में भाजपा नेता की गाड़ी बनी निशाना