100 मीटर आगे बढ़ते ही रोका वाहन, फिर हुआ बवाल! उत्तरकाशी में पुलिस-टैक्सी विवाद गरमाया

ख़बर शेयर करें 👉

उत्तराखंड में पुलिस की कार्यशैली को लेकर एक बार फिर सवाल उठे हैं। उत्तरकाशी जिले के हर्षिल क्षेत्र में टैक्सी चालक के साथ कथित मारपीट और बदसलूकी के आरोपों के बाद टैक्सी-मैक्सी वाहन चालकों ने विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को भटवाड़ी टैक्सी स्टैंड के पदाधिकारियों सहित कई टैक्सी-मैक्सी चालकों ने हर्षिल पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। चालकों का आरोप है कि रविवार को चालक अरविंद चौहान गंगोत्री की सवारी लेकर जा रहे थे, तभी हर्षिल में पुलिस चेकिंग के दौरान उनके साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया।

चालक अरविंद चौहान का आरोप है कि चेकिंग के दौरान वाहन रोकने के बाद हर्षिल पुलिस के एसआई सुनील तोमर और अन्य पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की। उनका आरोप है कि उन्हें पुलिस वाहन से थाने ले जाया जा रहा था और इसी दौरान उन्हें वाहन से कूदने के लिए उकसाया गया।

चौहान के अनुसार, वह वाहन से कूद गए, जिसके बाद वह नदी में गिरने से बाल-बाल बच गए। पुलिस और पीआरडी जवानों ने उन्हें बाहर निकाला और इलाज के लिए हर्षिल अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद साथी चालक धर्मेंद्र राणा जब उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे तो आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ भी बदसलूकी की और मोबाइल से वीडियो हटवा दिया।

घटना के बाद टैक्सी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने एसपी कमलेश उपाध्याय से मुलाकात कर मामले की शिकायत की और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। चालकों ने चेतावनी दी है कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे स्टैंड से वाहनों का संचालन बंद कर देंगे।

वहीं, एसपी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद हर्षिल थानाध्यक्ष को जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।