खुलेआम फायरिंग, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने फैलाई दहशत
उत्तराखंड के रुड़की क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां रिहायशी इलाके में एक युवक द्वारा खुलेआम फायरिंग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह घटना माधोपुर गांव की है। वीडियो में युवक फिल्मी अंदाज में हवा में गोलियां दागता नजर आ रहा है, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
वायरल फुटेज में युवक कंधे पर बंदूक टांगे बेखौफ अंदाज में फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। उसके हावभाव से ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो वह सोशल मीडिया पर ‘स्वैग’ दिखाने के लिए यह खतरनाक हरकत कर रहा हो। जिस स्थान पर यह फायरिंग की गई, वह रिहायशी क्षेत्र है, जहां बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं मौजूद हो सकते थे। ऐसे में यह कृत्य किसी बड़ी अनहोनी को जन्म दे सकता था।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है और फायरिंग करने वाले युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कहा है कि वायरल वीडियो की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपी तक पहुंचने के लिए जुटी हुई है।
हल्द्वानी में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था सेक्स रैकेट, पुलिस छापे में बड़ा खुलासा
निर्दलीय की आंधी में ढही बीजेपी! पाटी नगर पंचायत में 224 वोटों से हार का बड़ा उलटफेर