उत्तराखंड में 3 दिन तक मौसम अलर्ट, बारिश और तेज हवाओं की संभावना

ख़बर शेयर करें 👉

उत्तराखंड में इन दिनों मौसम लगातार बदलता हुआ नजर आ रहा है। जहां एक ओर पर्वतीय क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है, वहीं मैदानी इलाकों में तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार आगामी तीन दिनों तक प्रदेश के पर्वतीय जिलों में मौसम सक्रिय रहने की संभावना है।

मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक शुक्रवार, 19 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा देहरादून, टिहरी, पौड़ी और नैनीताल के कुछ हिस्सों में भी वर्षा के आसार बने हुए हैं। शेष जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पर्वतीय क्षेत्रों में बादलों की सक्रियता बनी रहने से आने वाले दिनों में मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। वहीं मैदानी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रह सकता है, हालांकि बीच-बीच में बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी से तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र ने 18 से 20 जून तक के लिए पर्वतीय जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। विभाग ने संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

विभाग के अनुसार आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी के साथ तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है।