ड्यूटी पर गए, लौटे नहीं: सड़क हादसे में 4 पुलिसकर्मी और वादी की मौत
हरियाणा के नूंह जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के उरई की पुलिस टीम के चार जवानों और एक वादी की मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार सुबह उस समय हुआ, जब कोतवाली उरई की पुलिस अपहरण के एक मामले में कार्रवाई करने के लिए हरियाणा पहुंची थी।
जानकारी के मुताबिक, उरई में दर्ज अपहरण के मामले में अपहृत व्यक्ति की तलाश के लिए पुलिस टीम तावड़ू क्षेत्र में दबिश देने गई थी। सुबह करीब 10 बजे उनकी गाड़ी ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही चार पुलिसकर्मियों की जान चली गई।
मृतकों में उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह, उपनिरीक्षक मोहित कुमार यादव, आरक्षी प्रदीप कुमार (सर्विलांस सेल) और आरक्षी अशोक कुमार शामिल हैं। इनके साथ मौजूद वादी अमरीक सिंह, जो पंजाब के संगरूर के निवासी थे, उन्होंने भी घटनास्थल पर दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। इस हृदयविदारक घटना से उरई और आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है। एसपी जालौन विनय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम एक मामले में कार्रवाई के लिए हरियाणा गई थी, जहां यह हादसा हो गया।
हल्द्वानी में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था सेक्स रैकेट, पुलिस छापे में बड़ा खुलासा
निर्दलीय की आंधी में ढही बीजेपी! पाटी नगर पंचायत में 224 वोटों से हार का बड़ा उलटफेर