सोशल मीडिया पर लिखी बात पहुंची जेल तक! भाजपा महिला मोर्चा की शिकायत पर आरोपी पर कार्रवाई
उत्तराखंड में सोशल मीडिया पर भाजपा की महिला नेताओं को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने का मामला अब पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है। भाजपा महिला मोर्चा की शिकायत के बाद राजधानी दून की डालनवाला पुलिस ने आरोपी राजेंद्र सिंह रावत को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, महिला मोर्चा पदाधिकारियों की ओर से थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई। डालनवाला कोतवाली प्रभारी नरेंद्र गहलावत ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
दरअसल, पूरा विवाद फेसबुक पर की गई कथित टिप्पणियों को लेकर शुरू हुआ। आरोप है कि ‘राजेंद्र उत्तराखंडी’ नाम की फेसबुक प्रोफाइल से भाजपा से जुड़ी महिला नेताओं के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। पोस्ट और स्क्रीनशॉट सामने आने के बाद भाजपा महिला मोर्चा ने इसे गंभीर मामला बताते हुए पुलिस से शिकायत की।
महिला मोर्चा नेताओं का कहना है कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी भी महिला के सम्मान के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जा सकती। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
भाजपा नेत्री बबीता सहोत्रा ने कहा कि सोशल मीडिया पर महिलाओं को निशाना बनाकर की जाने वाली अभद्र टिप्पणियां लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ी महिला के सम्मान की रक्षा होना जरूरी है।
मामले को लेकर भाजपा महिला मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल डालनवाला थाने पहुंचा था। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा, कमली भट्ट और महामंत्री विदुषी समेत अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। उन्होंने पुलिस को शिकायत सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रामनगर से देहरादून तक दौड़ी पहली ट्रेन, कुमाऊं-गढ़वाल के बीच बढ़ी सीधी रेल सुविधा