गणेश मंदिर के पास अचानक खाई में गिरी महिलाः रातभर चला रेस्क्यू, सुबह बरामद हुआ शव

ख़बर शेयर करें 👉

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग स्थित तुंगनाथ यात्रा पर आई एक महिला यात्री रविवार शाम ट्रेक रूट पर गणेश मंदिर के समीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही डीडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा मित्रों की टीमें मौके पर पहुंचीं और महिला की तलाश में रेस्क्यू अभियान शुरू किया। सोमवार सुबह अभियान दोबारा शुरू करने के बाद महिला का शव खाई से बरामद कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार, रविवार 20 सितंबर की शाम करीब 6:21 बजे तुंगनाथ ट्रेक पर गणेश मंदिर के पास महिला अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे के बाद जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, रुद्रप्रयाग ने डीडीआरएफ और तुंगनाथ आपदा मित्रों की टीम को सूचना दी। टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और महिला की तलाश शुरू की। खाई अत्यधिक गहरी होने के कारण रेस्क्यू अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण रहा।

बताया गया कि महिला के खाई में गिरने के बाद काफी देर तक उसकी आवाजें सुनाई देती रहीं। ऐसे में रेस्क्यू टीमों ने रात में ही उसे बाहर निकालने के प्रयास किए। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने एसडीआरएफ अगस्त्यमुनि और तहसीलदार ऊखीमठ को भी घटना की सूचना दी, जिसके बाद डीडीआरएफ ऊखीमठ की टीम को मौके के लिए रवाना किया गया।

हालांकि, रात में अंधेरा बढ़ने और खाई की अत्यधिक गहराई के चलते रेस्क्यू अभियान को आगे जारी रखना जोखिमपूर्ण हो गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, रात करीब 12:30 बजे डीडीआरएफ के कुलदीप सिंह ने अभियान को फिलहाल स्थगित किए जाने की जानकारी दी।

सोमवार सुबह मौसम और परिस्थितियों का जायजा लेने के बाद सर्च एवं रेस्क्यू अभियान दोबारा शुरू किया गया। अभियान के दौरान टीमों ने महिला का शव खाई से बरामद कर लिया। महिला की पहचान समेत हादसे से संबंधित अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।