हल्द्वानी में बुलेट की टक्कर से आयुक्त कार्यालय में तैनात राजस्व कर्मी की मौत
उत्तराखंड के हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा हुआ है। कालाढूंगी रोड स्थित स्टेडियम तिराहे पर अनियंत्रित बुलेट ने 58 वर्षीय राजस्व विभाग के कर्मचारी वीरेंद्र पांडे को टक्कर मार दी। इस हादसे में उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद बुलेट सवार फरार हो गया।
मृतक वीरेंद्र पांडे कुमाऊं कमिशनर दीपक रावत के कार्यालय में तैनात थे और देर रात बाजार से घर लौट रहे थे। इस दौरान बुलेट सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पांडे सड़क पर गिर गए। उन्हें तुरंत सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
हादसा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि बुलेट सवार व्यक्ति अत्यधिक तेज गति से आ रहा था और उसने पांडे को जोरदार टक्कर मारी। इस दर्दनाक हादसे ने हल्द्वानी में सड़कों पर तेज रफ्तार से हो रहे हादसों की गंभीरता को और उजागर किया है।
हल्द्वानी कोतवाली प्रभारी राजेश यादव ने बताया कि पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है और बुलेट सवार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि मृतक का पोस्टमार्टम जारी है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने फरार बुलेट चालक को पकड़ने के लिए अभियान तेज कर दिया है।
पुलिसकर्मी पर छेड़छाड़ के आरोप से बवाल! शिकायत के बाद भी एक्शन नहीं, बजरंग दल ने खोला मोर्चा
बच्चों के सपने सुने, साथ काटा केकः दृष्टिबाधित बच्चों के बीच अलग अंदाज में मना CM धामी का जन्मदिन
CM धामी की सुरक्षा का बढ़ेगा घेरा, आगामी चुनाव और बढ़ते कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस अलर्ट
छात्रसंघ चुनाव के बाद फिर गरमाया माहौलः दो गुटों की भिड़ंत में भाजपा नेता की गाड़ी बनी निशाना